ललितपुर। थाना बानपुर के ग्राम बाणाघाट के पास शादी समारोह से लौट रहे एक युवक की बाइक सड़क पर फिसलने से उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना स्थल पर मृतक की बाइक पड़ी देख गांव के एक युवक ने उसके परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
थाना बानपुर के ग्राम कुआगांव निवासी प्रमोद राजपूत (24) पुत्र नौनेलाल राजपूत 19 जून को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला के ग्राम जसन नगर में अपने साढ़ू के यहां एक शादी समारोह में गया था। शादी समारोह से जब वह लौट रहा था और बानपुर क्षेत्र में बाणाघाट के पुल से आगे निकला, तभी रास्ते में उसकी बाइक सड़क से उतरकर फिसलकर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया और उसे उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसी रात में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बीते रोज मृतक के गांव का एक युवक बाणाघाट के आगे घटना स्थल के पास से निकला, तो उसने वहां पड़ी प्रमोद की बाइक पहचान ली और उसके परिजनों को जानकारी दी, जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना का पता लगने पर प्रमोद की तलाश में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें उसकी मौत की जानकारी लगी और उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक के भाई त्रिलोक ने बताया कि मृतक की दो बेटियां हैं और वह दो भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था।