कैप्सन - खनन के गढ़ पर खड़े एसडीएम और सीओ
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। तहसील क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर हो रहे अवैध खनन की जानकारी के बाद मंगलवार की सुबह एसडीएम मोहम्मद कमर और सीओ देवेंद्र कुमार सिंह ने थाना पूराकलां के मजरा पठारी व बलरगुवा में दबिश दी। अधिकारियों के मौके पर जाने से कुछ समय पहले ही कई वाहन बिना बालू भरे ही मौके से रफूचक्कर हो गए, जिससे अधिकारियों को बैरंग वापस आना पड़ा।
बरसात शुरू होने से बालू के खनन पर शासन ने रोक लगा दी है। इसके बाबजूद पूराकलां और तालबेहट क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार व्यापक स्तर पर हो रहा है। इस खबर को अमर उजाला ने मंगलवार को ‘अंधेरगर्दी: अधिकारियों की नाक के नीचे बेखौफ दौड़ रहे है अवैैध बालू से भरे वाहन’ शीर्षक से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर और सीओ देवेंद्र कुमार सिंह ने दल बल के साथ अवैध बालू खनन के गढ़ पूराकलां मजरा पठारी में मौके पर जाकर दबिश दी।
अधिकारियों के मौके पर जाने से पहले बालू लेने मौके पर गए कई वाहन चालकों को इसकी सूचना मिल गई, जिससे वह बिना बालू लिए ही बैरंग लौट आए और कुछ मौके पर ही बालू खाली करके भाग गए। इससे अधिकारियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इसके बाद अधिकारी थाना पूराकलां में ग्राम बलरगुवा में गए, जहां नदी में पानी भर जाने के कारण बालू का काम दो दिन से बंद मिलने की सूचना मिली।
-----------------------
लीक कर ही आपरेशन की सूचना
दबिश देने गए उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर ने बताया कि पठारी में अवैध खनन की सूचना सही थी। परंतु, हम लोगों के जाने की सूचना किसी ने खनन कारोबारियों को लीक कर दी, जिससे हम लोगों के जाने से पहले ही वह सतर्क हो गए।