जखौरा (ललितपुर)।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सचिव और नोडल अधिकारी पंकज यादव ने ब्लॉक जखौरा आकर विकासखंड और थाना के दस्तावेजों की जांच पड़ताल की।
सचिव लगभग 3:00 बजे विकासखंड जखौरा में पहुंचे, जहां उनके साथ अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम हरिओम शर्मा, अपर पुलिस निरीक्षक अवधेश विजेता, खंड विकास अधिकारी जयसिंह यादव, सीएमओ डॉ. प्रताप सिंह, अवर अभियंता लघु सिंचाई विभाग गिरजा शंकर दुबे मौजूद रहे। विकासखंड के मुहाने के बाद उन्होंने एक-एक रजिस्टर की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई खामियां सामने आई, जिसमें मुख्यत: प्रशिक्षण का एक भी रुपये खर्च ना किया जाना, आंगनबाड़ी और पंचायती राज प्रशिक्षण का भी पैसा खर्च ना कर पाना, शामिल रही। पूर्व में बंद हो चुकी कई सरकारी योजनाओं का पैसा अभी तक खंड विकास जखौरा के खाते में पड़ा हुआ है, जिसको सचिव ने गंभीरता से लेते हुए उसे तत्काल शासन को वापस करने का निर्देश दिया। वहीं, महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर खंड विकास अधिकारी की मोहर व हस्ताक्षर पर दिनांक ना होने को भी सचिव ने गंभीरता से लिया।
इस दौरान एक ही जगह तीन साल से ज्यादा समय से कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी, लेखपालों की सूची मांगने पर भी रिपोर्ट ना होने की बात कह कर कर्मचारी टालमटोल करते दिखे । जब सचिव की नजर एक जांच पर पड़ी तो पाया गया कि 15 जुलाई 2015 से अभी तक इसकी जांच पूरी नहीं हो पाई, तब सचिव ने नाराजगी भरे स्वर में कहा कि यदि दो-दो साल तक जांचे लंबित होती रहेगी तो फिर जनता आपको भ्रष्टाचारी क्यों न कहे। शौचालय, समाधान दिवस, विद्युत की सप्लाई आदि अहम मुद्दों पर भी आला अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद कई और अभिलेखों को देखने के पश्चात एवं कार्य पूर्ण करने के निर्देश देने के तुरंत बाद सचिव और सभी आला अधिकारी थाना जखौरा पहुंचे। यहां पर सचिव ने महिला उत्पीड़न रजिस्टर, अनुसूचित जाति जनजाति रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, समाधान दिवस रजिस्टर, तहसील दिवस रजिस्टर, शस्त्र अभिलेखो की बारीकी से जांच पड़ताल की । यह सिलसिला रात्रि लगभग 9:00 बजे तक चलता रहा, इसके उपरांत लगभग 10 मिनट की पत्रकार वार्ता हुई। आखिरी में सचिव के जाते समय कई स्थानीय लोगों ने भी अपनी बात सचिव तक रखी, जिसमें कई अहम मुद्दे को सचिव ने संज्ञान में लेते प्रार्थना पत्रो को अपने पास ही रख लिया।
रंगारंग कार्यक्रम से समाप्त हुआ जन्माष्टमी उत्सव
जखौरा (ललितपुर)। इस वर्ष 15 अगस्त पर जन्माष्टमी उत्सव पड़ने के कारण जन्माष्टमी उत्सव दो दिनों तक चलता रहा ।15 अगस्त को थाना जखौरा परिसर में स्थित मंदिर को भव्यता से सजाया गया । कीर्तन, भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद रात्रि 12:00 बजे कृष्ण जन्म उत्सव मनाया गया । अगले ही दिन 16 अगस्त को ग्राम प्रधान नीरज जसवाल एवं सघन सहकारी संस्था जखौरा के अध्यक्ष बृजेश स्वामी द्वारा एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन रामलीला मैदान बड़ा बाजार में किया गया । रात्रि करीब 9:00 बजे से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम ने भक्ति की ऐसी समा बांधी कि कुछ समय के लिए तो मानो जखौरा कृष्ण भक्ति में डूबा हुआ मथुरा-वृंदावन हो गया हो । धीरे-धीरे कार्यक्रम आगे बढ़ता गया वैसे ही वैसे लोगों का हुजूम उमड़ने लगा । देखते ही देखते सारा प्रांगण खचाखच भरता गया और लोग भक्ति रस में डूबते चले गए । यह ऱ्कार्यक्रम इसी तरह रात्रि 12:00 बजे तक चलता रहाव् इसके बाद सुबह 4:00 बजे तक रगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।