ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संचारी रोग नियंत्रण अभियान चतुर्थ की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई कराई जाए। ग्राम पंचायत में डस्टबिन रखवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि अभियान में आशाएं व ग्राम प्रधान योजना बनाकर ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करें। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका शहर में साफ-सफाई दुरुस्त रखें, सूचना पर गंदगी को तुरंत साफ कराया जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर सफाई कराएं। ग्राम पंचायतों में कूड़ेदान रखवाकर लोगों को कूड़ेदानों में कूड़ा डालने के लिए जागरुक किया जाए।
सीएमओ डॉ प्रताप सिंह ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि संचारी रोग का तात्पर्य एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैलने वाली बीमारी से है। पालियो, पीलिया, टायफायड तथा हैजा जैसी बीमारियां संचारी रोगों की श्रेणी में आती हैं। संचारी रोग दूषित जल, दूषित वायु तथा मच्छरों के कारण फैलते हैं। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी/नोडल ने बताया कि शासन द्वारा दिये गए निर्देशों के क्रम में प्राथमिक विद्यालयों में नोडल शिक्षकों द्वारा बच्चों को संचारी रोगों के बारे में बताया जा रहा है।