मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष का परिणाम जारी, 96 फीसदी विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम बैच के परीक्षा परिणाम में 96 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इसमें लखीमपुर खीरी निवासी पुष्कर गुप्ता ने 75.2 फीसदी अंक प्राप्त कर कॉलेज टॉप किया है। दूसरे पर कानपुर नगर निवासी अनुभव और तीसरे स्थान पर गाजीपुर निवासी तनिष्क और बरेली निवासी वैभव आए हैं। प्रधानाचार्य ने सफल हुए विद्यार्थियों सहित चिकित्सा शिक्षकों को बधाई दी।
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम बैच में 100 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया था। इनकी पढ़ाई अक्तूबर 2024 में शुरू हुई थी। बीते माह परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इसका परिणाम जारी हो गया है। छात्रों की मेहनत व लगन से परीक्षा का परिणाम 96 फीसदी रहा है। परिणाम के अनुसार, दूसरे स्थान पर अनुभव चंद्र रहे, उन्हें 71.2 प्रतिशत अंक मिले। वहीं, 71.4 प्रतिशत अंक हासिल कर तनिष्क सिंह व वैभव सिंह को तृतीय स्थान मिला।
प्रधानाचार्य डाॅ. मयंक कुमार शुक्ला ने कॉलेज के छात्राें और चिकित्सा शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इसके साथ ही लगातार मानव सेवाएं देने का आह्वान किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि आगे चलकर यही विद्यार्थी गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं देंगे। मीडिया प्रभारी डॉ. विशाल जैन ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इसी प्रकार आगे की पढ़ाई करने की बात कही।