जिले में 22 वर्ष बाद हो रहे एसआईआर को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मतदाता सूची को शतप्रतिशत शुद्ध करना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह बात मंडलायुक्त/रोल प्रेक्षक विमल कुमार दुबे ने राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि लगभग 22 वर्ष बाद एसआईआर हो रहा है। इसमें हमें मिलकर काम करना है और मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और प्रशासनिक टीम ने मिलकर एसआईआर में बहुत अच्छा काम किया है। इसका परिणाम यह है कि अन्य जिलों की अपेक्षा हमारे यहां अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या कम है। इसलिए यहां नोटिस दिए जाने की संख्या भी बहुत कम है।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि स्थानीय होने के नाते उन्हें मतदाताओं के बारे में अधिक जानकारी है। ऐसे में वे मृतक व शिफ्टेड मतदाताओं की मैपिंग में प्रशासनिक टीम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आगामी 31 जनवरी व एक फरवरी को विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इसमें अपने अपने बीएलए के माध्यम से बीएलओ को मृतक व शिफ्टेड मतदाताओं का सही डेटा उपलब्ध करा दें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के 12 पास बच्चों का डेटा तैयार कर सभी के फार्म-6 भरवा दें। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में वार्डवार मृतक मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों के सहयोग से तैयार कर उसे एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत) सूची से मिलान करके डिलीशन की कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समय-समय पर राजनीतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित कर एसआईआर का डेटा उपलब्ध कराया गया है और उनसे सुझाव एवं आपत्तियां मांगी गई हैं। अभी भी अगर कोई त्रुटि रह गई हो तो उसे उपलब्ध करा दें, संबंधित फार्म भरवाकर उसे सुधार लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से मतदाता स्वयं अपना फार्म भर सकते हैं। राजनीतिक दलों ने यह भी सुझाव दिया कि सहरिया बाहुल्य ग्रामों में अधिकारियों की टीम भेजकर वहां मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जाए। इस पर उप जिलाधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे ग्रामों का चिह्नीकरण कर वहां मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कराए जाए और फॉर्म-6, 7 व 8 के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, राजनीतिक दलों से सदर विधायक प्रतिनिधि श्रीकांत कुशवाहा, विधायक महरौनी प्रतिनिधि सुरेंद्र पंथ, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी, बहुजन समाज पार्टी जिला उपाध्यक्ष अनेक सिंह व जिला मीडिया प्रभारी रामकिशन बैजनाथ, भारतीय जनता पार्टी जिला महामंत्री बंशीधर श्रीवास, इंडियन नेशनल कांग्रेस से जसपाल सिंह, पंकज हुण्डैत, अपना दल जिला महासचिव सोहन लाल निरंजन उपस्थित रहे।
पुलिया निर्माण का उठाया मुद्दा
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि विकासखंड बिरधा के ग्राम कल्यानपुरा में नाले पर पुलिया न होने के कारण पत्थर लगाकर निकलना पड़ता है। बच्चे व बुजुर्गों के लिए खतरा अधिक होता है। जिलाधिकारी ने तत्काल दूरभाष पर खंड विकास अधिकारी को नाले पर पुलिया निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए।