पाली (ललितपुर)। कस्बा पाली के श्री नीलकंठेश्वर मैदान पर चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में परबई ने पं विश्वनाथ शर्मा अकादमी को चार विकेट से हराकर पाली चेयरमैन ट्राफी पर कब्जा कर लिया है। विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
26 जनवरी को मैदान पर दोनों टीम के खिलाड़ियों व बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने ‘जन गण मन’ के सामूहिक गान किया। इसके बाद पं विश्वनाथ शर्मा अकादमी झांसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 25 ओवर में पूरी टीम 23 ओवर खेलकर 128 रन बना कर आउट हो गई।
इसमें पुष्पेंद्र ने 1 चौके और 1 छक्के के साथ 19 रन, विपिन 32 रन और आरिफ ने 6 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। जबाब में परबई टीम ने 23.2 ओवर में चार विकेट से जीत दर्ज की। इसमें नरेंद्र ने 3 चौकों के साथ 40 रन, रूपेश ने 18 रन और जितेंद्र ने 36 बनाये। परबई ने पं विश्वनाथ शर्मा अकादमी को चार विकेट से हराकर पाली चेयरमैन ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
समापन कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष आल्हाप्रसाद निरंजन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, नगर पंचायत चेयरमैन रामकुमार चैरसिया व पार्षद अरविंद चौरसिया ने विजेता टीम परबई को ट्राफी व 25 हजार रुपये की राशि, उपविजेता टीम पं विश्वनाथ शर्मा अकादमी को ट्राफी व 15 हजार रुपए की राशि देकर सम्मानित किया।
पं विश्वनाथ शर्मा अकादमी झांसी के कप्तान राहुल जेक्सन को मैन ऑफ द सीरीज और परबई के कप्तान रूपेश को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
पाली एसओ हाकिम सिंह यादव, तुलसी राम अहिरवार, खेमचंद्र राजगढ़ और बालचंद्र ठेकेदार ने खिलाड़ियों को मेड़ल पहनाकर सम्मानित किया। अंपायर सुरेश सेन और राजू परिहार को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर हाकिम सिंह निरंजन, अमित पांडे, हरिओम चौरसिया, कमल कुशवाहा, इरफान खान, महिपाल ठगारी, मोनू मालवीय, अरुण, हरगोविंद कुशवाहा, धर्मेंद्र साहू, भगवान सिंह, ध्रुव पुरोहित, पुष्पेंद्र चौरसिया आदि उपस्थित रहे। संचालन देवेंद्र चौरसिया और आभार पार्षद अशोक ने व्यक्त किया।
अस्पताल की जल्द मिलेगी सौगात
पाली। कार्यक्रम के दौरान सपा जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन ने कहा कि पाली को तहसील की सौगात मिल चुकी है, अब अस्पताल भी जल्द मिलेगा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव ने मैदान की बाउंड्रीवाल और स्टेडियम निर्माण का भरोसा दिया।