तालबेहट। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा थानागांव के मजरा प्यासी निवासी हीरालाल कुशवाहा पुत्र जोगा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर उसके पुत्र की हत्या के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर 15 जून से घंटाघर पर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
शिकायती पत्र में बताया कि उसके पुत्र गोलू का शव 22 फरवरी को रेलवे लाइन पर मिला था। इससे पूर्व गांव के ही एक युवक ने पुत्र को जान से मारने की धमकी दी थी। फरियादी ने आशंका व्यक्त की है कि धमकी देने वाले युवक ने ही उसके पुत्र की हत्या कर उसका शव रेलवे लाइन पर फेंक दिया। आरोप लगाया गया है कि इसकी जांच के संबंध में कई शिकायती पत्र दएि जा चुके हैं, इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पर कार्रवाई नहीं होती है तो वह जिला मुख्यालय पर अनशन करेगा।