संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बहुजन मुक्ति पार्टी, भारत मुक्ति मोर्चा व राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा ने संयुक्त रूप से केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन के द्वितीय चरण में कलेक्ट्रेट परिसर में चूल्हा जलाकर प्रदर्शन किया। साथ ही, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा महंगाई, बेरोजगारी प्रतिदिन निर्माण की जा रही है। महंगे घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर एवं महंगे पेट्रोल-डीजल ने लोगों की आर्थिक कमर तोड़ दी है। इसके विरोध में तीन चरण में आंदोलन किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर से लोगों के रोजगार छीने जा रहे हैं। आरोप लगाया कि एक तरफ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन जनता के वोटों की चोरी कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ स्मार्ट मीटर यूनिट की चोरी कर जनता के नोटों को लूट रही है। यह 20 से 30 फीसदी अधिक तेज चल रहे हैं। सिलिंडर के लिए लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि डीजल व पेट्रोल के दाम कम किए जाएं। इस मौके पर संजय खाबरी, धर्मदास, मलखानसिंह, घनश्यामदास,मुन्नालाल आदि मौजूद रहे।