ललितपुर। सोशल मीडिया पर जैन संत के खिलाफ की गई अशोभनीय टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर रमेशचंद्र तिवारी को सौंपा है। ज्ञापन में टिप्पणी करने वालों को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि परम पूज्य जैन सन्त मुनिश्री तरुणसागर महाराज जैन समाज ही नहीं बल्कि हर समाज के लिए सम्मानित संत हैं। बीते दिनों हरियाणा विधानसभा में पूज्यनीय मुनिश्री के प्रवचन उपरांत संगीतकार विशाल ददलानी व तहसीन पुनेवाल ने अशोभनीय टिप्पणी सोशल मीडिया पर कर दी। इससे जैन समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। व्यापार मंडल ने इस प्रकार के कृत्य की निंदा करते हुए दोनों लोगों को जल्द गिरफ्तार किये जाने की मांग की है। ज्ञापन देते समय संयोजक सुमित अग्रवाल, अमित तिवारी, दीपक जैन, करीम पप्पू राईन, शहीद राईन, नसीम खान, प्रवीण जैन, पंकज जैन, अंशुल ताम्रकार, अभिषेक जैन, राकेश जैन मौजूद रहे।