संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वार्ड नंबर 17 में अमृत-2 योजना के तहत नई पाइपलाइन डालने को सड़क खोदने पर मोहल्लेवासियों ने विरोध जताया और शर्त रखी कि समय से पाइपलाइन डालने और गुणवत्तापरक काम होने पर ही सड़क खोदने देंगे। जल निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समय से काम पूरा करने का आश्वासन दिया, तब सड़क की खोदाई शुरू की।
वार्ड नंबर 17 में अमृत-2 योजना के अंतर्गत जल निगम की ओर से पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई कराई जा रही है। सड़कों की खोदाई के बाद कहीं पाइपलाइन डाली, तो कहीं पाइपलाइन नहीं डालीं। सड़कें खोदकर बिना मरम्मत के ही छोड़ दीं। महीनों से पूरे शहर में अधिकांश मोहल्लों का यही हाल है। इससे मोहल्लों में न तो पानी ही पहुंच रहा है और न ही सड़कों की मरम्मत ही की जा रही है। वहीं मरम्मत नहीं होने से वाहन चालक और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
सोमवार को सुबह क्षेत्रपाल मंदिर के पीछे वाली गली में जलनिगम की टीम जब पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खोदाई करने को जेसीबी लेकर पहुंची तो मोहल्लेवालों ने सड़क खोदने से मना कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि पहले यह गारंटी दो कि सड़क खोदाई के बाद पाइपलाइन कब तक बिछाई जाएगी, कब तक सड़क की मरम्मत होगी और गुणवत्तापूर्ण काम किया जाए। मोहल्लेवालों के साथ वार्ड सभासद भी मौके पर पहुंच गए और उनकी बात का समर्थन किया।
जानकारी मिलने पर जलनिगम के अवर अभियंता भी मौके पर पहुंच गए, जिस पर मोहल्लेवासियों ने उनसे सड़क मरम्मत के समय की शर्त रखी, जिस पर अभियंताओं ने उन्हें आश्वासन दिया, जिसके बाद मोहल्लेवासी माने और पाइपलाइन को सड़क खोदाई शुरू कराई जा सकी।
फोटो-26
कैप्सन-पार्वती प्रजापति
नई पाइपलाइन के काम से पानी अच्छा मिलेगा, लेकिन पाइपलाइन और सड़क मरम्मत का काम बारिश से पहले पूरा हो जाए। मोहल्ले वालों का विरोध पाइपलाइन के लिए नहीं है।-पार्वती प्रजापति।
फोटो-27
कैप्सन-रोहित पंथ।
मोहल्ले में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी जा रही है। इसी प्रकार अन्य मोहल्लों में सड़कें अभी भी खुदी पड़ी हैं। महीनों बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई। -रोहित पंथ, नागरिक।
-
फोटो-28
कैप्सन-कुंदन पाल।
वार्ड 17 में ही अभी भी कई सड़कें महीनों से खुदी पड़ी हैं, कई जगह पाइपलाइन ही नहीं डली है। मोहल्लेवालों की मांग थी कि पाइपलाइन डलने के साथ ही समय से सड़क की मरम्मत भी की जाए। मोहल्लेवासियों ने विरोध नहीं किया है, बल्कि मरम्मत समय से करने के लिए शर्त रखी है।-कुंदनपाल, सभासद, वार्ड 17