कलक्ट्रेट के गेट पर बैठे भीम आर्मी के सदस्य
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना नाराहट के ग्राम बरौदिया में संत के चबूतरे की मांग को लेकर सोमवार को एक बार फिर भीम आर्मी ने दर्जनों ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट व पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
ग्राम बरौदिया में ग्राम सभा की जमीन पर एक समुदाय के लोगों द्वारा संत रविदास के मंदिर का निर्माण कराने के दौरान दो बार विवाद की स्थिति बन चुकी है और यहां पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। बीते तीन दिसंबर को भी ऐसी ही स्थिति दोबारा बन गई, जब भीम आर्मी द्वारा अपने नेता का जन्मदिन मनाने के लिए शिविर लगाकर कार्यक्रम आयोजन किया गया और वहां चबूतरे का निर्माण शुरू कर दिया। जिसके बाद यहां संत के अनुयायी ग्रामीणों और पुलिस की भिड़ंत हो गई थी, जिसमें पुलिस को बल भी प्रयोग करना पड़ा था और इसमें कुछ महिलाएं भी घायल हो गई थीं, जिसके बाद ग्रामीणों ने चार दिसंबर को कलक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर जमकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों द्वारा यह मामला न्यायालय में भी ले जाकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अब सोमवार को भीम आर्मी के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों ने एक बार फिर से कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया, जहां कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ही ग्रामीणों को पुलिस प्रशासन द्वारा रोक दिया गया। जिस पर यहां ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन और शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मंदिर वहीं बनाएंगे की नारेबाजी की। हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी और समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया।
कलेक्ट्रेट के गेट के बाहर खड़े भीम आर्मी के सदस्य व पुलिस बल- फोटो : LALITPUR