ललितपुर। बैनामा की जमीन पर दबंगों द्वारा किए जा रहे कब्जे को लेकर प्रशासन द्वारा कुछ नहीं करने पर नाराज एक महिला परिवार सहित बृहस्पतिवार की रात घंटाघर पर धरने पर बैठ गई। एडीएम ने मौके पर पहुंचकर उसे दो सप्ताह में निस्तारण का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
गोविंदनगर मुहल्ले की पीड़िता मोबिना पत्नी स्व. वाहिद ने बताया कि 2011 में उसके पति वाहिद पुत्र हुसैन निवासी छत्रसालपुरा ने साझेदार विजय जैन पुत्र दीपचंद्र जैन सिविल लाइन, प्रदीप गुप्ता पुत्र इंद्रदेव गुप्ता कचहरी रोड ललितपुर के साथ आजादपुरा वार्ड-16 में एक प्लाट खरीदा था। इसका बैनामा 2011 में हो गया था। उक्त जमीन का दाखिल खारिज है। पति वाहिद की 2013 में मृत्यु हो गई थी। बाद में साझेदारों की नीयत बदल गई और उन्होंने उसके हिस्से पर कब्जा कर लिया है। वे लोग न निर्माण करने दे रहे हैं और न ही जमीन को बेचने दे रहे हैं व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कई बार प्रार्थनापत्र देने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई सुनवाई नहीं होने पर धरने पर बैठने को विवश होना पड़ा। देर रात मौके पर पहुंचे एडीएम अनिल कुमार मिश्र को पीड़िता ने आपबीती बताते हुए न्याय दिलाए जाने की मांग की। एडीएम ने पीड़िता को दो सप्ताह में न्याय दिलाए जाने का आश्वासन दिया। इस पर महिला ने परिवार सहित धरना समाप्त कर दिया।