अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय प्रबंध समिति की बृहस्पतिवार को बैठक हुई। महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में मान्यता के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. ओपी शास्त्री ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से यहां के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खुल जाएंगे।
तुलसी सभागार में आयोजित बैठक में प्रबंधक प्रदीप चौबे ने कहा कि प्रत्येक जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना की योजना के तहत नेहरू महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में मान्यता प्रदान किए जाने के लिए सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया जाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1968 में स्थापित नेहरू महाविद्यालय करीब 42 एकड़ के हरे भरे परिसर में है। यहां कला संकाय, कृषि संकाय, वाणिज्य संकाय, विज्ञान संकाय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर विषयों में लगभग 5000 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। 60 से अधिक व्याख्यान कक्ष, दो छात्रावास, 50 से अधिक अध्यापक एवं 30 कर्मचारी कार्यरत हैं। महाविद्यालय विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा निर्धारित समस्त मानकों को पूर्ण करता है।
प्रबंध समिति अध्यक्ष शरद खैरा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में वर्ष 2023-24 के आय-व्यय का अनुमोदन कर वर्ष 2024-25 के अनुमानित बजट को स्वीकृत किया गया। वरिष्ठ सदस्य मनमोहन जड़िया, उपाध्यक्ष विलास पटैरिया, वरिष्ठ सदस्य अरविंद नायक, उप मंत्री हरदयाल सिंह लोधी, वरिष्ठ सदस्य आदित्य नारायण बबेले, हरीराम निरंजन, बब्बू राजा बुंदेला, हरीराम सिंह लोधी, अरविंद नायक, प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।