संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज ने 50 सीटों की मान्यता मिलने के बाद अब 100 सीट के लिए कवायद तेज कर दी है। नेशनल मेडिकल कमीशन ने रिक्त पदों पर 15 दिन में नियुक्ति करने का समय दिया था। अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी है। 57 प्रोफेसरों के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। तीन सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे।
नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज को 31 जुलाई को एनएमसी ने एमबीबीएस की 50 सीटों के लिए मान्यता दी थी। 50 और सीटों की मान्यता के लिए मेडिकल कॉलेज ने आठ और प्रोफेसरों की नियुक्ति कर ली थी। इसके बाद सात अगस्त को मान्यता के लिए अपील की थी। 22 अगस्त को एनएमसी के चेयरमैन व उनकी टीम ने अस्पताल में बेड, मरीजों की संख्या, उपकरण व प्रसव की संख्या समेत अन्य जानकारियां ऑनलाइन ली थीं।
फैकल्टी में प्रथम वर्ष के विषय बायोकेमिस्ट्री, फिजियोलॉजी में 100 फीसदी व एनाटमी में एक चिकित्सा शिक्षक की कमी के साथ 75 फीसदी नियुक्त थे। एनएमसी ने 15 दिन में रिक्त प्रोफेसरों के पद पर नियुक्ति करने का समय दिया था। अब प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 13 आचार्य व 19 सह आचार्य और 25 सहायक आचार्य के नियमित पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
-
फैक्ट फाइल
मेडिकल कॉलेज में बेड - 500
चिकित्सा शिक्षा की सीटें - 50
आचार्य - 09
सह आचार्य - 10
सहायक आचार्य - 33
सीनियर रेजीडेंट - 18
जूनियर रेजीडेंट - 40
-
मेडिकल काॅलेज में नियमित 57 पदों पर प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। आवेदन मांगे गए हैं, इसके बाद साक्षात्कार कर नियुक्ति की जाएगी।
- डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज