स्कूल व कोचिंग के पास शोहदे घूमते मिले तो होगी पिटाई
ललितपुर। स्कूल, कोचिंग के पास या चौराहों पर आवारा घूमने वाले शोहदों द्वारा की जाने वाली छेड़छाड़ से बेटियों की सुरक्षा के लिए अब शक्ति मोबाइल पुलिस सख्ती से पेश आएगी। जरूरत पड़ने पर शोहदों को धुनाई भी की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने पुलिस कोप स्कूल, कॉलेजों, चौराहों और तिराहों पर शोहदों से परेशान बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा करने के लिए मुस्तैदी बढ़ाने और आवारा किस्म के लोगों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने जिला में गठित की गई शक्ति मोबाइल पुलिस की महिला कर्मचारियों को दिशा-निर्देश है। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेजों, कोचिंग सेंटर के आसपास, चौराहों, तिराहों और गलियों में जहां बेटियों को कोई भी परेशान करे या इस इरादे से खड़ा हो, तो उसे चिह्नित कर सख्ती से पेश आएं और जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक रूप से पिटाई भी की जाए, ताकि अन्य लोग बेटियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार करने से पहले उसके परिणाम के बारे में सोचें।
अक्सर शिकायतें मिलती हैं कि स्कूल, कॉलेज, मंदिरों, सुनसान गलियों, तिराहों, चौराहों पर आवारा किस्म के लोगों द्वारा वहां से निकलने वाली छात्राओं, बेटियों व महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी व कमेंट किए जाते हैं। लेकिन, बेटियां नजर अंदाज करके निकल जाती हैं, ऐसे लोग इसका फायदा उठाते हैं और आए दिन परेशान करते हैं। इन युवकों से अब शक्ति मोबाइल पुलिस सख्ती से निपटेगी। शक्ति मोबाइल पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों, स्कूल, कॉलेजों व गलियों में गश्त करके लोगों से खड़े होने का कारण पूछेगी और ऐसे लोगों को धुनाई करके उनका वीडियो भी बनाया जाएगा। इसकी खबरें मीडिया में सार्वजनिक की जाएंगी।
शक्ति मोबाइल पुलिस को शोहदों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान लगातार चलाया जाएगा।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक
छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज
शहर कोतवाली पुलिस ने छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में मोहल्ला कसाई मंडी निवासी आमिर सोहेल खान पुत्र मेहताब खान और दो अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों द्वारा छात्रा को कई दिनों से छेड़छाड़ करके परेशान किया जा रहा था। बीते रोज लोगों ने पकड़कर युवक की पिटाई भी की थी।