ललितपुर। जिलाधिकारी ने ग्रामीण/नगरीय पेयजल की समीक्षा करते हुए ग्रामीण/नगरीय क्षेत्रों में लगे सरकारी हैंडपंपों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी किसी व्यक्ति द्वारा हैंडपंप में निजी कनेक्शन/मोटर तो नहीं डाली गई है। यदि ऐसी स्थिति पाई जाए तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में डीएम ए दिनेश कुमार ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया है कि नगरीय क्षेत्रों में संचालित पाइप पेयजल योजनाओं में एवं अन्य लगाए गए हैंडपंपों का सत्यापन कराकर वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं। बताया गया ग्रामीण क्षेत्रों में 19372 हैंडपंप अधिष्ठापित हैं। परियोजना प्रबंधक जल निगम ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम में अन्तर्गत रानीपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना एवं बुंदेलखंड पैकेज के अन्तर्गत पवा ग्राम समूह पेयजल योजना निर्माणाधीन है। जनपद में 63 ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिसमें से 33 ग्राम पंचायत, 05 जल निगम एवं 25 जल संस्थान द्वारा संचालित की जा रही है। जिसमें से 10 परियोजना बंद एवं 13 आंशिक रूप से संचालित हैं। अमृत कार्यक्रम के अन्तर्गत 03 कार्यक्रम गृह पेयजल संयोजन, ललितपुर पुनर्गठन पेयजल योजना, एफएसटीपी योजनाओं पर कार्य कराया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन लखनऊ द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप लाइन से पेयजल आपूर्ति हेतु 17 कलस्टर तैयार करते हुए 28 योजनाएं तैयार की गई हैं, जिनमें सतही सोर्स एवं 12 योजनाएं भूजल/नलकूप पर आधारित हैं, जिनकी अनुमानित लागत 1623.47 करोड़ है, जिनसे 559 ग्रामों में पेयजल आपूर्ति की जाएगी। अधिशासी अभियंता जल संस्थान द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद ललितपुर के 04 नगरीय क्षेत्रों में कुल 2420 हैंडपंप अधिष्ठापित हैं तथा 04 पाइप पेयजल योजनाओं से नगरीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद में संचालित ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं का सत्यापन कराया जाये, जिससे पेयजल योजनाओं की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जिन ग्रामों से पाइप पेयजल योजनाओं से पेयजल आपूर्ति की जा रही हैं, उनसे जल मूल्य की वसूली किये जाने के निर्देश दिए, जिससे पाइप पेयजल योजनाओं का अनुरक्षण किया जा सके।
रानीपुरा एवं पवा ग्राम समूह पेयजल योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं : डीएम
बैठक में डीएम द्वारा जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वह निर्माणाधीन पाइप पेयजल योजना रानीपुरा एवं पवा ग्राम समूह पेयजल योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्रामीण/नगरीय क्षेत्रों में स्थापित सरकारी हैंडपंपों का सत्यापन कराएं और निजी कनेक्शन पाए जाने पर कार्रवाई करें। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि नगरीय क्षेत्रों में संचालित पाइप पेयजल योजनाओं एवं अधिष्ठापित हैंडपंपों का सत्यापन कराकर वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं। पेयजल से संबंधित कोई भी शिकायत हो तो उसे विकास भवन में स्थापित पेयजल कंट्रोल रूम (दूरभाष नंबर 05176-272022) में दर्ज कराई जाए, जिससे शिकायत का त्वरित निस्तारण संबंधित विभाग से कराया जा सके।