संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राजकीय इंटर कॉलेज बार में अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने यहां के प्रभारी प्रधानाचार्य को हटाते हुए राजकीय हाईस्कूल जामनुधानाकलां के प्रधानाचार्य को जीआईसी बार का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
जिलाधिकारी को राजकीय इंटर कॉलेज बार में अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिस पर डीएम ने डीआईओएस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था। टीम ने जीआईसी बार का निरीक्षण किया था। जिसमें निरीक्षण के समय प्रभारी प्रधानाचार्य अनुराग यादव अनुपस्थित मिले थे। दूरभाष पर संपर्क करने के बाद भी वह विद्यालय नहीं आए थे। विद्यालय में सिर्फ एक सहायक अध्यापक और दो पीटीए कर्मचारी उपस्थित मिले थे। कक्षाओं में फर्नीचर नहीं मिला, शौचालय एवं विद्यालय परिसर में गंदगी, पानी की टंकी की टोटियां टूटी, लैब और पुस्तकालय अस्त व्यस्त मिली थी। साथ में रसोइयों को चार माह से मानदेय नहीं दिया गया था। इसके साथ विद्यालय में अन्य खामियां भी पाई गई थी। इसके बाद जांच कमेटी ने रिपोर्ट तैयार कर प्रभारी प्रधानाचार्य अनुराग यादव को विद्यालय व्यवस्था के प्रति लापरवाह व उदासीन बताया। डीआईओएस ने जांच आख्या रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जनहित व विद्यालय हित में अनुराग यादव को प्रभारी प्रधानाचार्य के पद से मुक्त करने की आवश्यकता बताई। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस ने अनुराग यादव के स्थान पर राजकीय हाईस्कूल जामुनधानाकलां के प्रधानाचार्य शिवचरन सिंह को जीआईसी बार का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
जीआईसी बार में अव्यवस्थाओं को लेकर डीएम के समक्ष काफी शिकायतें आ रही थी। जिस पर विद्यालय का निरीक्षण किया गया। जिसमें काफी गड़बड़ी मिली थी। जांच टीम की रिपोर्ट और डीएम के निर्देश पर जीआईसी बार के प्रभारी प्रधानाचार्य को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर राजकीय हाईस्कूल जामुनधानाकलां के प्रधानाचार्य को जीआईसी बार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक