डॉक्टर का तबादले रोकने को पार्षद ने किया प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
ललितपुर। जिला चिकित्सालय के एकमात्र फिजीशियन का स्थानांतरण रोकने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को पार्षद ने प्रदर्शन किया। वहीं, जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर डॉक्टर के स्थानांतरण को निरस्त करने की मांग की है।
जिला अस्पताल पुरुष में वर्तमान समय में एकमात्र फिजीशियन डॉ. पवन सूद हैं। लेकिन, शासन ने उनका तबादला ट्रामा सेंटर उरई कर दिया है। इससे जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार को लेकर परेशानी हो रही है। इसी के चलते वार्ड नंबर 21 की पार्षद सहारा बानो और अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिसमें जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए डॉ. पवन सूद का तबादला निरस्त कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर पार्षद अनुराग जैन, मोहम्मद अफसर, जहीर रानू, राजेश यादव, साहिद खान आदि मौजूद रहे।
उधर, जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के प्रमुख सचिव अरविंद कुमार को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने प्रमुख सचिव को ललितपुर के जिला चिकित्सालय में डाक्टरों की कमी से अवगत कराया। बताया गया कि अस्पताल में डॉ. पवन सूद के अलावा कोई फिजीशियन नहीं है। वह लगभग 200 से 250 मरीज प्रतिदिन देखते हैं। उनके स्थानांतरण से जिला चिकित्सालय के मरीजों को बाहर जाना पड़ेगा। पत्र में डीएम ने डॉ. पवन सूद का स्थानांतरण रोके जाने की मांग की है।