हॉस्पिटल के बाहर लगी लोगों की भीड़
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सदनशाह के पास स्थित एक नर्सिंग होम में प्रसव के कुछ घंटे बाद एक महिला की अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। इस पर परिजनों ने चिकित्सक व स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला।
जिला जेल के सामने हाल कालोनी निवासी संध्या (25 वर्ष) पत्नी राजीव यादव झांसी में सहायक अध्यापिका हैं। बीते रोज बृहस्पतिवार की शाम को करीब छह बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों द्वारा उन्हें सदनशाह स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां शाम को ही करीब 7.05 बजे ऑपरेशन के दौरान उन्होंने एक बच्चे हो जन्म दिया। इसके बाद उसे रात में दर्द भी होता रहा, इसके बारे में परिजन लगातार चिकित्सकों को बताते रहे। इसके बाद शुक्रवार को सुबह करीब 8.10 बजे बजे उसकी अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। इस पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही के आरोप लगाया, जिस पर चिकित्सकों से उनकी काफी देर तक बहस भी होती रही। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित पक्ष के रिश्तेदार व मिलने वाले भी काफी संख्या में एकत्रित हो गए, जिससे माहौल गरमा गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुुंच गई और परिजनों को समझाकर किसी प्रकार मामला शांत कराया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
------
बृहस्पतिवार की शाम को संध्या नाम की प्रसूता को प्रसव के लिए अस्पताल लाया गया था, ऑपरेशन किया गया, इसके बाद मरीज ठीक रहा। सुबह भी मरीज ठीक रहा। उसने अपनी मां को सुबह घर जाने को भी कहा, जिस पर मां घर चली गई। इसके बाद अचानक मरीज के मुंह से झाग आ रहा था और मरीज सुस्त हो रहा था। इस पर ऑक्सीजन लगाकर उसे बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन उसे बचा नहीं सके। संभवत: मरीज को हार्टअटैक हुआ है।
डा.राजीव जैन, केके नर्सिंग होम।
---------
शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और दोषी होने पर नर्सिंग होम चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डा.प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी।