ललितपुर। प्रदेश में बिजली डिमांड कम होने पर लखनऊ कंट्रोल द्वारा बजाज पावर प्लांट से बिजली सप्लाई बंद करा दी गई, जिस कारण से पारीछा थर्मल पावर प्लांट से बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है। ऐसे में अब पनकी कंट्रोल द्वारा पूर्व में जारी किए गए रोस्टर के अनुसार चार घंटे की बिजली कटौती एक बार फिर से शुरू कर दी गई है।
जनपद को बजाज पावर प्लांट से पैदा होने वाली बिजली कल्यानपुरा स्थित 220 केवी विद्युत स्टेशन से 132 केवी लाइन के माध्यम से रौंड़ा हाईडिल को बिजली की सप्लाई दी जाती है। इसके बाद रौंड़ा हाइडिल से जनपद को 12 विद्युत सब स्टेशन के माध्यम से बिजली आपूर्ति दी जाती है। लेकिन, अब बजाज प्लांट से सप्लाई बाधित होने पर पारीछा थर्मल पावर प्लांट की बिजली से जिले को रोशन किया जाता है। पनकी कंट्रोल द्वारा सात जून को जारी नए रोस्टर के अनुसार पारीछा से सप्लाई होने पर सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक और शाम को तीन बजे से शाम पांच बजे तक दिन में चार घंटे कटौती के आदेश दिए थे, जबकि बजाज प्लांट से सप्लाई मिलने पर जनपद में रोस्टर लागू नहीं होने के कंडीशनल आदेश जारी किए थे। हालांकि, इन पंद्रह दिनों में बजाज प्लांट से बिजली सप्लाई मिलने के बाद भी जनपद को अधिकांश समय तक रोस्टर से कटौती केे बाद ही बिजली आपूर्ति दी गई है।
स्टेट लोड डिस्प्ले सेंटर (एसएलडीसी) लखनऊ कंट्रोल द्वारा बिजली की डिमांड कम होने के कारण बजाज पावर प्लांट से बिजली सप्लाई बंद करा दी गई है। अब नए आदेश के बाद ही बजाज प्लांट से सप्लाई शुरू की जाएगी। लेकिन, अब बजाज पावर प्लांट से उत्पादन बंद होने के कारण अब पारीछा थर्मल पावर प्लांट से जिले को सोमवार की शाम से बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है, जिस वजह से अब पनकी कंट्रोल द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार जनपद में दिन में रोस्टर के अनुसार चार घंटे की कटौती होगी। हालांकि, पनकी कंट्रोल द्वारा मंगलवार को सुबह दस बजे किस्तों में दो घंटे की कटौती के बाद रात 12 बजे तक जनपद को कटौती मुक्त रखने के आदेश जारी कर दिए थे।