फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली: भुगतान करने वाले भोग रहे बकाएदारों की सजा

Fri, 01 Jan 2016 01:18 AM IST
ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
कुम्हैड़ी (ललितपुर)। बिजली के बिल का नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ता भी बकाएदारों की वजह से बिजली कटौती की सजा काट रहे हैं। स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ग्राम कुम्हैड़ी में बकाएदारों के भुगतान के चक्कर में विभाग ने पूरे गांव की बिजली काट दी है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन


उप्र पावर कार्पोरेशन के आदेश पर जिले में विद्युत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विभागीय टीमों द्वारा उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर बिजली की चेकिंग की जा रही है। विभागीय टीमों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बकाएदारों की संख्या अधिक होने की स्थिति में पूरे गांव की बिजली काट दी जा रही है।

इसका खामियाजा उस गांव के उन उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है, जो बिजली के बिलों का लगातार भुगतान करते चले आ रहे हैं। महरौनी विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत ग्राम कुम्हैड़ी में बिजली कर्मचारियों ने विद्युत अभियान के तहत बकाएदारी के चलते पूरे गांव की बिजली काट दी। इससे उन उपभोक्ताओं के घरों में भी अंधकार हो गया, जिन्होंने अपने बिलों का पूर्ण भुगतान कर दिया है।
विज्ञापन


ऐसे उपभोक्ताओं में आक्रोश है और वह विद्युत विभाग से बिजली जोड़ने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग द्वारा दो दिन होने के बाद भी उनकी बिजली नहीं जोड़ी जा सकी है। इसी के चलते गांव में जहां पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं बिजली कटने से विद्यार्थियों के सामने परीक्षा की तैयारी  की समस्या खड़ी हो गई है।

बताया गया कि ग्राम कुम्हैड़ी में लगभग 100 लोग प्रतिमाह बिलों का भुगतान करते हैं, इसके बाद भी बिजली काट दी गई है। गांव में संचालित होने वाला ग्रामीण बैंक की सेवाएं भी ठप हो गई हैं। ऐसे में लेन-देन भी प्रभावित हो गया है। मोबाइल टावरों के बंद होने से दूरसंचार की व्यवस्था ठप हो गई है।

कुल मिलाकर विभाग की सजा पूरे गांव को भुगतनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने भुगतान अदा करने वालों की बिजली फिर से जोड़ने की मांग की है।
गांव के सुखनंदन जैन, शरद चंद जैन, हीरालाल जैन, नरेंद्र एवं अन्य ग्रामीणों ने भुगतान नियमित भरने की बात बताई है। ग्रामीणों ने शीघ्र ही बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं किए जाने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन


बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं की बिजली जोड़ दी जाएगी, इसके लिए संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।
- प्रशांत सिंह
अधिशासी अभियंता विद्युत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें