ललितपुर। ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी की उत्पादन इकाई में बुधवार को अचानक खराबी आ गई, जिससे जनपद की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि, बाद में ट्रांसमिशन अधिकारियों ने पारीछा थर्मल पावर प्लांट से जनपद की बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी।
जिले को वर्तमान में ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी के पावर प्लांट की बिजली 220 केवी विद्युत स्टेशन कल्यानपुरा और कल्यानपुरा से निकली 132 केवी लाइन के माध्यम से रौंड़ा स्थित बिजली घर को बिजली प्रदान की जाती है। यहां से बिजली 66 व 33 केवी के 12 सब स्टेशन के माध्यम से पूूरे जनपद को दी जाती है। बुुधवार की सुबह 11.38 बजे पर पावर प्लांट की उत्पादन इकाई में तकनीकी खराबी आ गई और यूनिट ट्रिप हो गई। इससे जनपद समेत झांसी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे ट्रांसमिशन अधिकारियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल बिजली आपूर्ति ठप होने के कारणों की जानकारी जुटाई।
इसके बाद ट्रांसमिशन अधिकारियों ने दोपहर 12.32 बजे पारीछा थर्मल पावर प्लांट की लाइन से जोड़कर जनपद को बिजली आपूर्ति प्रदान की। पावर प्लांट की यूनिट में आई खराबी को देर शाम तक दूर करने का प्रयास जारी था। चार दिन पूर्व पारीछा से मैनपुरी लाइन में काम के कारण जनपद को मंगलवार तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति दिलाई गई थी, लेकिन बुधवार से नए आदेशों के तहत पूर्व निधारित रोस्टर के अनुसार दो चरणों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और शाम को साढ़े तीन से शाम साढ़े पांच बजे तक चार घंटे की विद्युत कटौती शुरू कर दी गई। इस प्रकार दिन में होने वाली कटौती और दोपहर में पावर प्लांट में खराबी के कारण करीब एक घंटेे की अघोषित कटौती से जनजीवन बिना बिजली के प्रभावित रहा।
ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी की उत्पादन इकाई में तकनीकि खराबी आ जाने के कारण ललितपुर और झांसी को जाने वाली 220 केवीए के दोनों फीडरों से आपूर्ति ठप हो गई है। हालांकि, पारीछा से जनपद को बिजली आपूर्ति की जा रही है।
- श्रीनिवास महाकुंड, अवर अभियंता
कल्यानपुरा सब स्टेशन