फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: पांच दिन से बिजली गुल, नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम

Sun, 30 Aug 2026 01:48 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। मिर्चवारा क्षेत्र के ग्राम चढ़रऊ में पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार सुबह मिर्चवारा सब स्टेशन के सामने महरौनी-ललितपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रैक्टर और अन्य वाहन खड़े कर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे सड़क के दोनों ओर करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीण खराब ट्रांसफार्मर को जल्द ठीक कराने की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन

ग्राम चढ़रऊ के ग्रामीण शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मिर्चवारा स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के सामने एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए उन्होंने महरौनी-ललितपुर मार्ग पर ट्रैक्टर और अन्य वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पांच दिन पहले गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बंद है। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बिजली नहीं आने से रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। कीड़े-मकौड़ों के काटने का डर बना रहता है। बिजली आधारित जरूरी काम प्रभावित होने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। मोबाइल फोन चार्ज करने में भी परेशानी हो रही है।
जाम की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मड़ावरा और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक कहासुनी भी हुई। अधिकारियों ने शनिवार को ही ट्रांसफार्मर ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12 बजे जाम खोल दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


-
ग्राम चढ़रऊ में दो दिन पहले ट्रांसफार्मर खराब हुआ था। शनिवार को ट्रांसफार्मर ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

विशाल सिंह, अधिशासी अभियंता, महरौनी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें