ललितपुर। शहर में विद्युत सर्किल कार्यालय इसी माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। इसके लिए भवन की तलाश शुरू हो गई है। सर्किल ऑफिस में शहरी व ग्रामीण खंडीय कार्यालय के अलावा एक शहरी उपखंडीय कार्यालय की स्वीकृति भी मिली है।
विद्युत विभाग ने पूरे जनपद में 75 हजार विद्युत कनेक्शन जारी किए हैं। वहीं दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति विद्युतीकरण योजना में ग्रामीण क्षेत्रों में करीब तीस हजार नवीन कनेक्शन जारी किए गए हैं। इस प्रकार पूरे जनपद में बिजली विभाग में एक लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या हो चुकी है।
इन उपभोक्ताओं को बिजली विभाग द्वारा बिजली पहुंचाने, विद्युत बिल वसूलने, विद्युत समस्याओं का निस्तारण करने आदि के लिए शहर में एक खंडीय कार्यालय व उपखंडीय कार्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में तीन उपखंडीय कार्यालय संचालित हो रहे हैं। इन कार्यालयों के अंतर्गत शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 66 व 33 केवीए के 12 विद्युत सब स्टेशनों के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली मुहैया कराई जा रही है।
जनपद में शहरी क्षेत्र में निर्माणाधीन नेहरुनगर विद्युत सब स्टेशन, महरौनी क्षेत्र में निर्माणाधीन बानपुर 33 केवीए सब स्टेशन, तालबेहट क्षेत्र में पूराकलां व जखौरा 33 केवीए सब स्टेशन और उपखंडीय कार्यालय द्वितीय के अंतर्गत जाखलौन व मिर्चवारा मे निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन हैं। ऐसे में बिजली विभाग का लगातार विस्तार होने के चलते विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, विद्युत समस्याओं के निस्तारण करने, बिजली बिल संबंधी मामलों के निपटारे में पुराने खंडीय व उपखंडीय कार्यालयों के अधिकारियों व बाबुओं को दिक्कत आ सकती है।
इसके चलते आलाधिकारियों द्वारा जनपद में एक सर्किल ऑफिस खोले जाने की जरुरत महसूस की गई और इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया। प्रस्ताव पर शासन की मुहर लग चुकी है। अब आलाधिकारियों के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा सर्किल कार्यालय खोले जाने के लिए भवन की तलाश तेज कर दी गई है। अक्टूबर माह के अंत तक सर्किल कार्यालय खोला जाना तय माना जा रहा है। इसके लिए अधिशासी अभियंता गौरव कुमार ने सर्किल कार्यालय के लिए भवन की तलाश शुरु कर दी है।
सर्किल ऑफिस खुलने से अब जनपद में एक ग्रामीण खंडीय कार्यालय, एक मीटर विभाग का खंडीय कार्यालय और एक अतिरिक्त उपखंडीय कार्यालय खोला जाना प्रस्तावित है। सर्किल कार्यालय खुलने से जनपद के उपभोक्ताओं को विद्युत समस्याओं के निस्तारण में काफी राहत मिल सकेगी और वह अपनी बात सर्किल कार्यालय में अब सीधे अधीक्षण अभियंता से रख सकेंगे। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति में भी सुधार हो सकेगा।