घंटाघर, जेल चौराहा से तालाबपुरा रोड तक सड़कें बदहाल, हादसों का खतरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर की मुख्य सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि अफसरों के दफ्तरों के सामने भी सड़कें गड्ढों से अटी पड़ी हैं।
शहर के प्रमुख मार्गों घंटाघर, तुवन चौराहा से नहर रोड, एसपी कार्यालय के सामने, चर्च रोड, वर्णी चौराहा से कलेक्ट्रेट रोड, रेलवे स्टेशन के पास, तुवन चौराहा से तालाबपुरा रोड और जेल चौराहा पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी किसी वीआईपी का आगमन प्रस्तावित होता है, तो रातों-रात वीआईपी मार्ग गड्ढामुक्त कर दिए जाते हैं। ऐसे में अब शहर की मुख्य सड़कों को भी गड्ढा मुक्ति के लिए किसी वीआईपी दौरे का इंतजार है।
प्रस्तुत है शहर की सड़कों का हाल—
दृश्य एक
फोटो-39
बस स्टैंड से चर्च रोड होते हुए तुवन चौराहा तक करीब पांच स्थानों पर बड़े गड्ढे हैं। यहां दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। महीनों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
-
दृश्य दो
फोटो-40
तुवन चौराहा से तालाबपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क उखड़ी पड़ी है। चौराहे से आगे बढ़ते ही बड़ा गड्ढा बना हुआ है, जो लंबे समय से जस का तस है। कुछ दूरी पर गिट्टी उखड़ चुकी है और तालाबपुरा चौराहा के पास मंदिर के सामने भी सड़क क्षतिग्रस्त है। इससे वाहन चालकों को रोजाना जूझना पड़ रहा है।
-
दृश्य तीन
फोटो-41
घंटाघर स्थित प्रधान डाकघर के पास मुख्य मार्ग पर बड़े गड्ढे बने हैं। यह शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है और पास में नगर पालिका का मुख्य कार्यालय भी है। आगे स्टेशन रोड मोड़ पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के पास भी सड़क क्षतिग्रस्त है। लंबे समय से स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
-
दृश्य चार
फोटो-43
पानी की बड़ी टंकी के पास जेल चौराहा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क जर्जर हालत में पड़ी है। मरम्मत न होने से छोटे-बड़े वाहन चालकों को खासी दिक्कत होती है। आए दिन यहां वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो रहे हैं।
दृश्य पांच
फोटो-44
जेल चौराहा के पास तुवन रोड मोड़ पर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। तेज रफ्तार वाहनों के लिए यहां हादसे का खतरा बना रहता है। एंबुलेंस तक को ऊबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे मरीजों को परेशानी होती है।
-
नगर पालिका क्षेत्र की जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें शीघ्र ठीक कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की सड़कों के संबंध में विभाग को पत्र लिखा जाएगा। आवश्यकता होने पर नगर पालिका भी मरम्मत कार्य में सहयोग करेगी।
— सोनाली जैन, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद