ललितपुर। थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम किसलवांस में खेत के कुएं पर पानी की मोटर में अचानक करंट आ आने से ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और खेती बाड़ी करने के साथ ही गांव में पोस्टमास्टर भी था।
थाना जखौरा के ग्राम किसलवांस निवासी विपिन पटैरिया (38) पुत्र स्व. रामकुमार पटैरिया के खेत में कुएं पर पानी की मोटर रखी हुई है। जिस पर वह जरूरत के अनुसार रोजाना कुएं पर रख देते थे और पानी का काम पूरा होने के बाद उसे निकालकर सुरक्षित रख लेते थे। शुक्रवार को शाम को करीब साढ़े छह बजे वह कुएं पर पानी की मोटर उठाने गए तो उस समय बिजली नहीं आ रही थी। जैसे ही उन्होंने पानी की मोटर उठाई, तभी अचानक से मोटर के प्लग में करंट आने से तार का एक हिस्सा उनकी उंगली में रह गया और दूसरा तार सीने से लग गया, जिससे उन्हें करंट का जोरदार झटका लगा और वह वहीं गिरकर बेसुध हो गए। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने मौके पर जाकर देखा। जखौरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई अभिषेक पटैरिया ने बताया कि मोटर उठाने के दौरान करंट लगने से यह हादसा हो गया। मृतक के एक पुत्र है, उसकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है।