ललितपुर। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम झांवर के मजरा मालेरा में एक ही परिवार के चार बच्चों की मछली पालन वाले तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा शवों का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों के पैनल से कराया गया। रिपोर्ट में चारों बच्चों की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है।
थाना पूराकलां के ग्राम झांवर में बीते रोज मंगलवार की देर शाम को झांवर निवासी मुकुंदी प्रजापति के दो पुत्र बृजेंद्र व रवींद्र एवं एवं उसके भाई के दो पुत्र नरेंद्र एवं अरविंद घर के बाहर गए थे। लेकिन देर शाम को उनके शव घर पास ही मछली पालन वाले बने तालाब में उतराते मिले थे। जिसके बाद पुलिस द्वारा चारों बच्चों के शवों को जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था। जहां भारी पुलिस बल के बीच चारों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों के पैनल से कराया गया। जिसके बाद देर बुधवार की शाम तक आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चारों बच्चों की मौत का कारण पानी में डूबने के कारण आया है। इससे यह स्पष्ट है कि चारों बच्चों की पानी के बाहर हत्या नहीं की गई। हालांकि परिजन अपने एक रिश्तेदार पर आरोप लगा रहे हैं, जिस पर पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चारों बच्चों की मौत का कारण पानी में डूबने से मौत होना आया है।