- कोतवाली सदर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। साइबर अपराधियों ने एसपी कार्यालय में विशेष जांच प्रकोष्ठ में कार्यरत एक पुलिसकर्मी की बेटी को अपना शिकार बनाया। साइबर अपराधी ने स्वयं को एक बैंक का अधिकारी बताकर खाता बंद होने की बात कही और ओटीपी लेकर खाते से 2.56 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली सदर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस विभाग में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात वीरेंद्र सिंह के मुताबिक वर्तमान में एसपी कार्यालय में विशेष जांच प्रकोष्ठ में कार्यरत है। 16 सितंबर को उसकी पुत्री पूजा के पास एक कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले ने अपने आप को बैंक का अधिकारी बताया। पूजा से कहा कि उसका खाता बंद होने वाला है। इसके बाद उसकी पुत्री से ओटीपी पूछ लिया। इसके बाद पूजा के बैंक खाते से 2.56 लाख रुपये धोखाधड़ी करके पैसे निकाल लिए। घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली सदर पुलिस ने मुख्य आरक्षी वीरेंद्र सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।