संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में पेयजल आपूर्ति से वंचित क्षेत्र में गर्मी के मौसम में पानी मिलना मुश्किल होगा। कारण, अमृत योजना के अंतर्गत किया जा रहा कार्य गर्मी के मौसम तक पूरा नहीं होगा। अब तक 57 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो सका है। ऐसे में 1.20 लाख लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ेगा।
पेयजल आपूर्ति की सुविधा से आधा दर्जन वार्ड अछूते हैं। हैंडपंप ही मात्र एक सहारा हैं। कुछ क्षेत्रों में पाइपलाइन होने के बाद भी पानी की आपूर्ति लंबे समय से ठप पड़ी है। इन वार्डों में पानी की सुविधा के लिए अमृत योजना 0.2 के अंतर्गत 143 करोड़ से कार्य किया जा रहा है। तीन टंकी बनाने के साथ 176 किमी पाइपलाइन, पंप हाउस की मरम्मत समेत 23600 परिवारों को कनेक्शन दिया जाना है। जल निगम नगरीय इकाई द्वारा यह कार्य किया जा रहा है।
लेकिन, अब तक 57 प्रतिशत कार्य ही हो सका है। दो राइजिंग लाइन का कार्य 70 फीसदी, 13 एमएलडी प्लांट की मरम्मत का कार्य 50 प्रतिशत, दो टंकी का निर्माण 70 फीसदी, गली मोहल्लों में डाली जा रही लाइन का कार्य 40 फीसदी पूर्ण हो सका है। ऐसे में गर्मी तक पानी मिलने की उम्मीद नहीं है।
-
पेयजल के लिए तैयारी की स्थिति
कार्य का नाम - प्रतिशत
राइजिंग लाइन - 70
दो टंकी का निर्माण - 70
लाइन बिछाने का कार्य - 40
13 प्लांट की मरम्मत - 70
एक टंकी का निर्माण - 00
-
शहर में अमृत योजना 0.2 के अंतर्गत निर्माण तेजी से किया जा रहा है। निर्धारित अवधि जुलाई तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
- मुकेशपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी, जल निगम, नगरीय इकाई