संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सीएम डैशबोर्ड में जनपद की रैंकिग खराब होने पर सीडीओ केके पांडे ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी प्रगति में सुधार लाएं। 19 विभागोंं की प्रगति खराब होने के कारण इस माह प्रदेश में जिले की रैंकिंग 32 नंबर पर पहुंच गई है, वहीं मंडल में भी निचले पायदान पर है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्ष सुनिश्चित करें कि सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग खराब न हो। पोर्टल पर सही फीडिंग कराएं, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। 95 प्रतिशत से किसी भी दशा में कम प्रगति न रहे। विभागवार व योजनावार समीक्षा में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पूर्वदशम छात्रवृत्ति में बी, कृषि विभाग की किसान सम्मान निधि में डी, ग्राम्य विकास विभाग की डी, एनआरएलएम क्रेडिट लिंकेज में सी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सड़क निर्माण में डी, नियोजन विभाग फैमिली आईडी में डी, पंचायती राज विभाग अंतर्गत 15वां वित्त आयोग ग्राम पंचायत में डी, एसबीएम फेज-2 व्यक्तिगत शौचालय में ई, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 में डी, पर्यटन योजना में सी रैंक मिली।
प्राथमिक शिक्षा निपुण परीक्षा आकलन में बी, मध्याह्न भोजन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में सी, पिछड़ा वर्ग पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में बी, महिला एवं बाल विकास आईसीडीएस पोषण अभियान में ई, लोक निर्माण सेतु निर्माण में सी, नई सड़कों के निर्माण में सी, सड़कों के अनुरक्षण में डी, समाज कल्याण अनुसूचित जाति पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में सी, सामूहिक विवाह में सी, सामान्य वर्ग पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना में सी रैंकिंग मिली है। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।