लोगो - चिटफंड घोटाला
सबहेड - पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा, एलयूसीसी ने रकम दोगुनी करने के नाम पर हड़पे करोड़ों रुपयों को विदेशों में क्रूड आयल और कोयला कारोबार में भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आम लोगों की गाढ़ी कमाई को चिटफंड कंपनी एलयूसीसी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), अमेरिका में गोल्ड, आयरन, क्रूड ऑयल और कोयले के कारोबार में खपाया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ। पुलिस कंपनी के संचालकों की संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है।
जनपद के लोगों को कम समय में अधिक मुनाफे का झांसा देकर हजारों करोड़ रुपये का निवेश कराने वाली एलयूसीसी के संचालकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। संपत्ति की जांच में एसआईटी को पता चला कि आरोपियों ने जनपद सहित मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और अन्य शहरों में करोड़ों की संपत्ति बना रखी है। पुलिस टीमों ने जांच का दायरा बढ़ाया तो कंपनी के मुख्य संचालक समीर अग्रवाल सहित अन्य आरोपियों की संपत्ति विदेशों में भी मिली। विदेशों में आरोपियों की संपत्ति मिलने के बाद पुलिस अब आगे की प्रक्रिया में जुट गई।
ईडी भी तलाश रही चल-अचल संपत्ति
चिटफंड घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी कर रही है। ईडी की टीम कुछ दिन पहले जनपद आई थी। टीम ने भी कंपनी की चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाया। इसके साथ ही कंपनी के संचालकों, एजेंटों और निवेशकों के बारे में पुलिस से जानकारी जुटाई थी। वहीं, कंपनी के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले लोगों को साक्ष्य व अन्य कागजात प्रस्तुत करने को बुलावा पत्र भी भेजा गया।
-
कंपनी के मुख्य संचालक दुबई में, लुक आउट भी किया जा चुका जारी
कंपनी का मुख्य संचालक समीर अग्रवाल दुबई भाग गया है। पुलिस ने उसपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके खिलाफ लुक आउट भी जारी हो चुका है।
-
अब तक 19 आरोपी किए जा चुके हैं गिरफ्तार एलयूसीसी के खिलाफ विभिन्न थानों डेढ़ दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। मुख्य संचालकों सहित अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य संचालकों में रवि तिवारी, राहुल तिवारी, आलोक जैन, सुरेंद्रपाल सिंह, द्वारिका प्रसाद झां, महेश प्रसाद रजक, मुकेश कुमार जैन सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
-
पुलिस आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
- मो. मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक