संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विकास खंड जखौरा की ग्राम पंचायत निवाहो में वित्तीय वर्ष 2019-20 में 17,86,000 रुपये से पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। शिकायत पर इसकी जांच लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन, एआर कोआपरेटिव से कराई गई।जांच में घटिया सामग्री के प्रयोग के साथ ढांचा कमजोर पाया गया। इस रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने दोषियों से रिकवरी के आदेश दिए हैं।
यह पंचायत भवन दो पंचायत कार्यकाल में पूर्ण हुआ। प्रशासक के समय भी एडीओ पंचायत ने इसका भुगतान किया। जिला प्रशासन ने इसकी तकनीकी जांच कराई, जिसमें कई खामियां पाई गईं। ढांचा कमजोर होने से इसके कभी भी ढहने की आशंका व्यक्त की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने तकनीकी टीम की जांच व भुगतान पर संबंधित अधिकारी व प्रधानों की पत्रावली देखते हुए रिकवरी निर्धारित कर जिलाधिकारी के सामने पेश की। जिलाधिकारी ने वसूली आदेश जारी कर दिए हैं। पूर्व प्रधान सरन देवी से पांच लाख 23 हजार आठ सौ, वर्तमान प्रधान सियादेवी से एक लाख 16 हजार 850 रुपये, प्रशासक एडीओ पंचायत निरपत शर्मा से पांच लाख 6 हजार 161 रुपये, अवर अभियंता लघु सिंचाई विभाग रामप्रकाश शर्मा से पांच लाख छह हजार 166 रुपये, सचिव अलका कुशवाहा से सात लाख 59 हजार 250 हजार रुपये की रिकवरी होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा ने बताया कि सभी अधिकारी, कर्मचारियों व प्रधान को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर धनराशि जमा करने के आदेश दिए गए हैं।