नगर में प्रमुख आस्था केंद्र सुम्मेरा तालाब का सौंदर्यीकरण का वायदा अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इसके अतिरिक्त सड़क, नाली, बिजली की समस्याओं के निराकरण पर भी ध्यान नहीं दिया गया। इसके अलावा सफाई कर्मी सफाई की जगह वार्डों की सीमा में उलझे रहे। इससे सफाई का बुरा हाल रहा।
वार्ड नंबर चार मुहल्ला गांधीनगर द्वितीय में मुख्य समस्या सफाई की है। इसकी वजह मुहल्ले में दो वार्डों की सीमाएं होना है। सड़क के एक ओर वार्ड नंबर चार है तो दूसरी ओर वार्ड नंबर पंद्रह है। ऐसे में सफाई कर्मी गंदगी साफ करने की जगह एक दूसरे पर पल्ला झाड़ते रहते हैं। मच्छरों को भगाने की फागिंग मशीन गलियों में नहीं जाती है। इस तरह अंदर के इलाकों में मच्छरों का प्रकोप बना रहता है। मुुहल्लेवासी का कहना है कि जनप्रतिनिधियों ने जो वायदे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। वर्तमान में चल रहे चुनाव को लेकर नागरिक चौकन्ना हैं।