ललितपुर। 23 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए चुनाव प्रचार थम गया। बुधवार को पोलिंग पार्टियां अमरपुर स्थित नवीन मंडी स्थल से रवाना होंगी।
उप्र विधानसभा सामान्य निर्वाचन से संबंधित तैयारियों को लेकर जनपद के पुलिस लाइन स्थित प्रांगण में प्रेक्षक विधानसभा क्षेत्र महरौनी रूपक कुमार मजूमदार और प्रेक्षक विधानसभा क्षेत्र ललितपुर मनोज कुमार मीना और जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक डी प्रदीप कुमार, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की उपस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह द्वारा मतदेय स्थलों पर तैनात किये जाने वाले पैरा मिलेट्री फोर्स की तैनाती के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक डी. प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां अमरपुर स्थित नवीन मंडी स्थल से सुबह 07 बजे प्रस्थान करेंगी। सेंट्रल पैरा मिलेट्री फोर्स जहां भी रुकी है वहां से अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर पहुंचेगी। थाना प्रभारी स्वयं निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेेंगे कि सभी पोलिंग पार्टियां और पैरा मिलेट्री फोर्स समय से मतदेय स्थलों पर पहुंच गई है। उन्होंने यह भी बताया कि थाना प्रभारी उड़नदस्ते और स्टेटिक सर्विलांस टीमें निर्वाचन के संपन्न होने तक सघन रूप से चेकिंग की प्रक्रिया को जारी रखेगें।
दो सौ मीटर में विशेष नजर
जिलाधिकारी डॉ रूपेश कुमार ने अपने संबोधन मेें कहा कि मतदान के दिन सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तथा निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदेय स्थल से 200 मीटर की परिधि में भीड़ न इकट्ठा होने पाये तथा मतदाता अपना मत देने के बाद सीधे अपने घर जाये। तय परिधि के अंदर किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीठासीन अधिकारी आवश्यक होने पर केंद्रीय सुरक्षा बल की मदद भी लेंगे। यह भी बताया गया कि एक समय में एक उम्मीदवार का एक ही पोलिंग एजेंट बूथ पर रहेगा। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि शाम 05 बजे उन मतदेय स्थलों पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट विशेष सतर्कता बरतेंगे जहां पर मतदाता लाइन में खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सेक्टर तथा जोनल मजिस्ट्रेट यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उम्मीदवार या उनके मतदान अभिकर्ता द्वारा मतदाताओं को वाहनों से मतदान केंद्र पर लाया या ले जाया नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान करने वालों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जायेगी तथा किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा।
मतदान से पहले होगा मॉक पोल
मतदान के दिन सुबह 06 बजे से सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मॉकपोल की प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे। डीएम ने बताया कि मॉकपोल किये जाने की सूचना निर्वाचन अधिकारी और कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएंगे। प्रत्याशी या उसके अभिकर्ता द्वारा किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री का प्रदर्शन पोलिंग बूथ पर नहीं किया जाएगा। पोल डे मॉनीटरिंग सिस्टम की चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि समय-समय पर मेसेज के माध्यम से सूचना भेजते रहेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा एवं मनोयोग के साथ स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया को संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, पुलिस के अधिकारी और सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।