संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। 50 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर मसाला व्यापारी की हत्या करने के षड्यंत्र का भंडाफोड़ होने और इसके सूत्रधार के अब तक गिरफ्तार न होने पर व्यापारी की सुरक्षा के लिए एक पुलिस कर्मी को तैनात किया गया है। पुलिस कर्मी उक्त व्यापारी की सुरक्षा के लिए चौबीस घंटे साथ में रहेगा। फरार चल रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
मोहल्ला सुभाषपुरा निवासी मसाला व्यापारी सुमित अग्रवाल से तमंचे के बल पर पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मुकदमा चार नामजद सहित छह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने जब आरोपियों को गिरफ्तार किया तो उन्होंने बताया था कि रंगदारी न देने पर मसाला व्यापारी की हत्या करने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने अपने गिरोह में एमपी के दमोह निवासी प्रीतम को भी शामिल किया था। षड्यंत्र का मुख्य आरोपी अभय चौबे निवासी मोहल्ला चौबयाना था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को जेल भेज दिया था, लेकिन मसाला व्यापारी की हत्या का षड्यंत्र रचने वाला मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने मुख्य आरोपी अभय चौबे की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं उसकी गिरफ्तार न होने से मसाला व्यापारी को अभी भी खतरा है। इस आशंका को देखते हुए एसपी के निर्देश पर मसाला व्यापारी सुमित अग्रवाल को पुलिस ने मंगलवार को सुरक्षा प्रदान कर दी। कोतवाली में तैनात एक सिपाही को सुरक्षा में तैनात कर दिया गया है।
-
साजिश में शामिल दो आरोपी और हुए गिरफ्तार, भेजा जेल
मसाला व्यापारी की हत्या का षड्यंत्र रचने के मामले में पांच आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गहनता से जांच में दो आरोपी राजेंद्र और माेनू ग्वाला प्रकाश में आए थे। पुलिस ने दोनों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मसाला व्यापारी को मारने के लिए पूर्व में जो चार पहिया कार खरीदी गई थी, उक्त कार राजेंद्र ने खरीदी थी। जब कार से मसाला व्यापारी को मौत के घाट उतारने का प्लान सफल नहीं हुआ तो मोनू ग्वाला से मसाला व्यापारी की हत्या करने की बात हुई थी। हत्या के एवज में मोनू ग्वाला को 10 लाख रुपये देने की पेशकश की गई थी। लेकिन मोनू ग्वाला 15 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
-
मसाला व्यापारी की हत्या करने का षड्यंत्र रचने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। साजिश में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। व्यापारी की सुरक्षा के लिए एक पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है, जोकि चौबीस घंटे सुरक्षा में तैनात रहेगा।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक