ललितपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर जिले के ग्राम बिल्ला में बीते रोज हुई की घटना के बारे में पुलिस द्वारा निर्दोष लोगों का उत्पीड़न करने की शिकायत की है।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने शिकायत पत्र में बताया कि 19 अप्रैल को रात्रि में आठ बजे मतदान केंद्र प्राथमिक पाठशाला बिल्ला में बानपुर में कुछ अराजक तत्वों एवं भीड़ ने हमला कर दिया था। थाना बानपुर में घटना के संबंध में 28 नामजद व 250-300 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप लगाया कि पुलिसबल गांव के लोगों की धरपकड़ कर भय व्याप्त कर रहा है। इससे गांव के लोग पलायन कर गए हैं। कुछ बीमार व्यक्ति अकेले होने के कारण अपना दम भी तोड़ सकते हैं। पुलिस बल द्वारा घरों में घुसकर तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास घटना का वीडियो है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए।