ललितपुर। आमलोगों की जमापूंजी को चिटफंड कंपनी में धोखाधड़ी से रुपये जमा कर हड़पने वाले आरोपियों पर एसआईटी शिकंजा कसने में जुटी है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद अन्य को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रवाना हो गई।
चिटफंड कंपनी एलयूसीसी बनाकर लोगों को कम समय में रुपये दोगुना होने का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा करवाकर हड़प करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस तेजी से कार्रवाई करने में जुटी है। इस मामले में गठित की गई एसआईटी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं। अभी पुलिस टीमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि, मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल और रवि तिवारी सहित अन्य की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश देने के लिए रवाना हो गई हैं। साथ ही सर्विलांस के जरिये भी तकनीकी मदद ली जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द पुलिस की टीमें इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल होगी।
एमपी पुलिस से सामंजस्य बनाकर हो रही जांच
चिटफंड कंपनी एलयूसीसी ने जनपद ही नहीं मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में भी आमलोगों की जमापूंजी जमा करवाकर हड़पी है। इसमें मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ कोतवाली सहित अन्य थाना कोतवाली में भी इस कंपनी से जुड़े आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए है। जिस पर जनपद की पुलिस एमपी पुलिस से भी संपर्क स्थापित किए हुए है और इस धोखाधड़ी के केस की जांच पड़ताल करने में जुटी है।