22 फरवरी को शहर के शाही रोड स्थित दुकान में हुई थी चोरी की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ज्वैलर्स की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोरों की तलाश में पुलिस टीमें गैर जनपदों में डेरा जमाए हुए हैं।
शहर के शाही रोड स्थित विद्या ज्वैलर्स में 22 फरवरी की सुबह चोरों ने शटर के लॉक व ताला तोड़कर यहां रखे लाखों रुपये कीमत के आभूषण व बर्तन चोरी करके ले गए थे। चोरी की वारदात और दो चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस ने उक्त सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोरों की सुरागरसी पहले जनपद स्तर पर की गई। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस की टीमें समीपवर्ती मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों और जनपदों के लिए रवाना हुई और यहां पर डेरा जमाकर चोरों की सुरागरसी कर रही हैं।
सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।