संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। पूराकलां क्षेत्र में कुछ दिनों से अवैध खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। बुधवार रात ट्रॉली में भरकर बालू ले जा रहे ट्रैक्टर चालक ने सड़क किनारे खड़ी बाइक और पुलिस वाहन में टक्कर मार दी। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह व बाइक चालक युवक बाल-बाल बच गया। गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। मौका पाकर ट्रैक्टर चालक भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दी।
देर रात पूराकलां थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह कंधारीकलां क्षेत्र में गश्त पर थे। उसी समय उन्हें एक ट्रैक्टर ट्रॉली में अवैध बालू भर कर जाती दिखी। पुलिस को देख चालक ने भागने की कोशिश की। भागते समय चालक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर जुटे लोगों ने ट्रैक्टर पर सवार कंधारी खुर्द निवासी एक व्यक्ति को पीट दिया, जिसे सीएचसी भेजा गया। ट्रैक्टर लेकर भाग रहे चालक ने पुलिस की गाड़ी में भी टक्कर मार दी, जिससे थानाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। इस घटना में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
देर शाम थाना पूराकलां पुलिस ने राजा भैया निवासी ग्राम हंसारकलां ने पुलिस की दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात्रि करीब 9.50 बजे अपनी मोटरसाइकिल से नन्ही हंसारकलां नहर स्थित इंद्रपाल के ढाबा के सामने खड़ा था, तभी नत्थीखेड़ा की तरफ से आए ट्रैक्टर ने मोटर साइकिल में टक्कर मार दी, बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और वह भी चोटिल हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर नहीं रुका और हंसारकला तिराहे की ओर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी है।
00000
ट्रैक्टर ने बाइक और पुलिस वाहन में टक्कर मार दी। बाइक चालक की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना में वह भी बाल-बाल बच गए। - अभिषेक सिंह, थानाध्यक्ष, पूराकलां
-