गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम से चस्पा किया गया था पत्र, संरक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का चेतावनी पत्र किया जारी
15 जुलाई को सराफा व्यापारी की दुकान की शटर पर लगा मिला था पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/मड़ावरा। सराफा व्यापारी की दुकान के बाहर शटर पर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम से रंगदारी मांगने का धमकी भरा पत्र चस्पा करने वाले दोनों बदमाशों के फोटो पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी कर दिए हैं। इसके साथ आरोपियों को संरक्षण देने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए पुलिस के दो मोबाइल नंबर भी जारी किए।
उधर, छह टीमें दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए यूपी-एमपी व दिल्ली में खोजबीन करने में जुटी हुई है। इसके साथ सर्विलांस टेक्नीकल टीम की मदद से दोनों बदमाशों की लोकेशन तलाश कर रही है।
कस्बा मड़ावरा निवासी सराफ व्यापारी की दुकान की शटर पर 15 जुलाई की सुबह गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला एक पत्र चस्पा हुआ मिला था। जिस पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल ने पुलिस की छह टीमें गठित कर धमकी भरा पत्र चस्पा करने वाले बदमाशाें को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो दो युवक दिखे थे। जिनकी शिनाख्त चंद्रपाल सिंह परमार उर्फ चंदू निवासी ग्राम गौना कुसमाड़ हाल निवास संतराम सिंधी कॉलोनी उज्जैन मध्य प्रदेश और अनुकूल राजा उर्फ मझले निवासी ग्राम गौना कुसमाड़ के रूप में की गई। जांच में भी पाया गया कि दोनों ही युवकों ने ही सराफा व्यापारी की दुकान के बाहर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरा पत्र चस्पा किया।
पुलिस की टीमें दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। वहीं मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इनकी जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। साथ में सूचना देने वालों के लिए 9454403828 व 8920331543 मोबाइल नंबर भी जारी किए। वहीं एक पत्र जारी किया जिसमें दोनों आरोपी बदमाशों को शरण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है। इसके साथ दोनों बदमाशों की लोकेशन भी तलाश की जा रही है।
यूपी-एमपी सहित दिल्ली क्षेत्र में पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
सराफा व्यापारी की दुकान के बाहर 15 लाख रुपये का धमकी भरा पत्र चस्पा करने वाले दोनों आरोपियाें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस की टीमें यूपी व एमपी के शहरों सहित दिल्ली-हरियाणा तक में आरोपियों की तलाश कर रही है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस के अन्य विभागों की मदद ले रही है। जिसके बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि फरार चल रहे दोनों आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में आ जाएंगे। वहीं पुलिस लारेंस बिश्नोई गैंग के बारे में भी गहनता से जांच कर रही है। साथ ही गैंग का नेटवर्क जनपद में भी तलाश रही है। इस हाईप्रोफाइल मामले पर डीआईजी भी नजर रखे हुए हैं और कार्रवाई का अपडेट ले रहे हैं।
दोनों बदमाश दबोचे, पुलिस नहीं कर रही खुलासा
ललितपुर। सराफा व्यापारी की दुकान के बाहर शटर पर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम से रंगदारी मांगने का पत्र चस्पा करने वालों को पुलिस टीमों ने मंगलवार की रात धर दबोचा। 15 जुलाई को कस्बा मड़ावरा के सराफा व्यापारी की दुकान के बाहर शटर पर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का धमकी भरा पत्र चस्पा मिला था। सूत्रों के अनुसार पुलिस की टीमों ने धमकी देने वाले दोनों बदमाशों को दबोच लिया है लेकिन पुलिस अभी गिरफ्तारी करने की पुष्टि नहीं कर रही है। संवाद