- लोन दिलाने के नाम पर ठगे गए थे 16570 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बार। लोन दिलाने के नाम पर ग्रामीण से हुई साइबर ठगी के 15 हजार रुपये बार पुलिस ने वापस दिलाने के क्रम में होल्ड करा दिए हैं। होल्ड हुए उक्त रुपये अब जल्द ही वापस खाते में पहुंच जाएंगे।
बानपुर रोड निवासी छोटू राजा ने पुलिस काे शिकायत करते हुए बताया कि उसके पास एक कॉल आया था। जिसमें उसने लोन दिलाने की बात कही। इस पर वह कॉल करने वाले की बातों में आ गया था और कॉल करने वाले के बताए बैंक खाते में 16570 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद पुन: कॉल आया कि 15000 रुपये और ट्रांसफर कर दो। इस पर उसने कहा कि उसके पास रुपया नहीं है। तब कॉल करने वाले ने कहा कि उसे लोन नहीं मिलेगा। इस पर उसने रुपया वापस मांगे तो उसने दूसरे दिन सुबह तक रुपया देने की बात कही। इसके बाद उसे साइबर ठगी होने का शक हुआ और साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 डायल कर दिया था। इसके बाद थाना पर शिकायत करने को आया। पीड़ित की शिकायत पर थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह भदौरिया के निर्देशन में थाना साइबर सेल पुलिस ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी और पीड़ित की शिकायत ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर दर्ज की। जिसके बाद पीड़ित के करीब 15000 रुपये बैंक में होल्ड हो गए। अब पुलिस पीड़ित के होल्ड हुए रुपयों को वापस पीड़ित के खाते में पहुंचाने की प्रक्रिया में जुट गई है। थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह ने बताया कि उक्त होल्ड किए गए रुपये जल्द ही पीड़ित के खाते में पहुंच जाएंगे।