संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। धार्मिक आयोजन व शोभायात्रा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। विशेष टीमें सादी वर्दी में, स्थानीय खुफिया इकाई टीम गोपनीय तरीके से जांच-पड़ताल में जुटी रही।
श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर कार्यक्रम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया। शोभायात्रा यात्रा सहित अन्य धार्मिक स्थलों के पास भी पुलिस फोर्स तैनात रहा। एएस चेक टीम बजारों, शोभायात्रा, मंदिरों, कलक्ट्रेट परिसर, रेलवे स्टेशन सहित बस स्टैंड पर संदिग्ध लोगों व वस्तुओं की तलाश करती रही। एसपी मोहम्मद मुश्ताक सहित अन्य अधिकारी भ्रमणशील रहकर जायजा लेते रहे।
-
सादी वर्दी में महिला पुलिस रही तैनात
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसपी ने विशेष प्लान तैयार किया, जिसमें महिला पुलिस कर्मचारी सादी वर्दी में तैनात रहकर ड्यूटी करती रहीं और संदिग्धों पर नजर रखे रहीं।
बच्ची से एसपी ने खरीदे दीपक
एसपी मोहम्मद मुश्ताक घंटाघर पहुंचे तो यहां एक बच्ची मिट्टी के दीपक बेच रही थी। एसपी ने बच्ची से बातचीत कर उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी की। उन्होंने दीपक के रेट पूछे। एसपी ने बच्ची से कुछ दीपक खरीदे और उसे श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं दीं।