कैप्सन - तेरई फाटक चौकी के सामने रखा पानी का टैंकर
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। राजमार्ग से गुजरने वाले मजदूरों को पीने के पानी की व्यवस्था के लिए कोतवाली पुलिस ने तेरई फाटक और झरर घाट पर पानी के टैंकर रखवाए हैं। इस समय पूरे देश में कोरोना की दहशत है। देश में लॉकडाउन चल रहा है। लॉकडाउन के सात सप्ताह बाद विभिन्न राज्यों से प्रवासी मजदूरों का अपने गांवों में जाना जारी है। इससे राजमार्ग पर कुछ दिनों से चौबीस घंटे लोगों के आने जाने का क्रम लगा हुआ है। भीषण गर्मी में मजदूरों को पीने के पानी का गंभीर सकंट झेलना पड़ा है। मजदूरों की व्यथा को सुनकर पुलिस अधीक्षक कैप्टन मिर्जा मंजर बेग ने उनके पीने के पानी की व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। इस पर कोतवाली पुलिस ने तेरई फाटक और झरर घाट पर पानी के टैंकर रखवाए। इन टैंकरों से आने जाने वाले राहगीरों को प्यास बुझाने में काफी मदद मिलेगी।