ललितपुर। साइबर पुलिस ने महिला से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ऐंठी गई 19 हजार रुपये की धनराशि शुक्रवार को वापस करा दी। रुपये मिलने पर महिला ने पुलिस का आभार जताया।
शहर के मोहल्ला जुगपुरा निवासी मालती बाई ने पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक को शिकायती पत्र दिया था। उसने बताया था कि उसके साथ 19 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी 19 सितंबर को साइबर अपराधियों ने की है। एसपी ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए बैंक स्टेटमेंट व अन्य प्रपत्रों के आधार पर जांच की गई। कई वित्तीय एजेंसियों, बैंकों, वालेट से संपर्क किया और मालती बाई का रुपया होल्ड कराया। शुक्रवार को मालती बाई के 19 हजार रुपये उनके बैंक खाते में वापस कराए गए।