सड़कों पर घूमते नजर आए पुलिस अधिकारी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। नए साल के जश्न में बीते 31 दिसंबर की रात में शराब पीकर उपद्रव मचाते 20 वाहन चालकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। नए साल के जश्न में कहीं कोई उपद्रव या दुर्घटनाएं न हों, इसके लिए कोतवाली पुलिस रात भर पहरा देती रही, वहीं पुलिस अधिकारी भी देर रात में सड़कों पर घूमते नजर आए।
बीते रोज 31 दिसंबर की रात में जहां प्रशासन द्वारा कोरोना काल को लेकर शासन की गाइडलाइन के तहत बड़े जश्न को इजाजत नहीं दी गई, वहीं शराब पीकर वाहन चलाने और उपद्रव करने वालों से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने पहले ही खाका तैयार कर लिया था और सड़कों पर पुलिस टीमों को योजनाबद्ध तरीके से उतारा। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सीओ सिटी केशवनाथ, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला एवं पुलिस बल के साथ घंटाघर, सावरकर चौक, नदीपुरा, तालाबपुरा, कटरा बाजार, वर्णी चौराहा, स्टेशन तिराहा, रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्रों में गश्त की और अनावश्यक घूम रहे लोगों को उन्हें घर जाकर परिवार के संग जश्न मनाने की सलाह भी दी। हालांकि भारी पुलिस बल को देख अधिकांश लोग गलियां पकड़कर भागते भी नजर आए। वहीं रात भर चले अभियान के दौरान पुलिस टीमों में कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर शराब पीकर वाहन चलाते हुए उपद्रव करने वाले बीस आरोपियों के खिलाफ 34 एक्ट के तहत चालान काटने की कार्रवाई की। वहीं अवैध शराब के साथ पकड़े जाने पर दो आरोपियों के खिलाफ भी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की।
------------------
रात्रि में ठंड से सिकुड़ते असहायों पर भी पड़ी नजर
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार बीते 31 दिसंबर की रात में जब सड़कों शहर का हाल जानने निकले तो उनकी नजर सड़कों पर ठंड से सिकुड़ते असहायों पर भी पड़ गई। जिस पर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाकर ऐसी जमीन पर सड़क किनारे सो रहे लोगों को उठाकर कंबल भी दिया और उन्हें रैन बसेरा में जाने की सलाह दी, ताकि ठंड से बचाव हो सके।
सड़क किनारे सो रहे लोगों को उठाकर कंबल वितरण करते पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार- फोटो : LALITPUR