संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रधानमंत्री सोमवार को वर्चुअल माध्यम से आठ करोड़ 98 लाख से बने तीन अंडरब्रिज व 45 करोड़ से निर्मित देवगढ़ रेलवे क्रासिंग स्थित ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में इसका सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा।
अमृत योजना के तहत रेलवे के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ सुबह 10.45 बजे करेंगे। झांसी डिविजन के कई स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है, ललितपुर रेलवे स्टेशन भी इसमें है। यहां तीन अंडरब्रिज व एक ओवरब्रिज का लोकार्पण वर्चुअल माध्यम से करने जा रहे हैं। प्लेटफार्म नंबर चार पर निर्माण, सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार एवं कार्य का शिलान्यास भी होना है। स्टेशन की इमारत में सुधार, स्टेशन को शहर के दोनों तरफ से एकीकृत करना, मल्टी-मॉडल एकीकरण, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, रूफ प्लाजा आदि कार्य प्रस्तावित हैं। सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं। इनके लोकार्पण व शिलान्यास के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, स्कूली बच्चे, आम जनता प्रतिभाग करेगी। मंडल रेल प्रबंधक के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंडल स्तर के रेलवे अधिकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।