ललितपुर। शुक्रवार को एक साथ पांच प्लाज्मा डोनर्स ने झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर सात लोगों को प्लाज्मा दान कर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। पिता के बाद पुत्री और दो अन्य सगे भाइयों ने प्लाज्मा दान कर दूसरों की जान बचाने का प्रयास किया।
झांसी में भर्ती ललितपुर में नई तहसील के पास रहने वाले 62 वर्षीय रिटायर्ड रेलवे ड्राइवर मोहम्मद इब्राहिम को प्लाज्मा की आवश्यकता थी। उनके पुत्र मो. यूनिस ने अन्नपूर्णा सेवा संघ से संपर्क किया जिस पर पिछले हफ्ते विजय जैन द्वारा प्लाज्मा दान किया गया था। आज उन्हीं की पुत्री राशि जैन ने मोहब्बत इब्राहिम को अपना दो यूनिट प्लाज्मा दान किया। पिता और पुत्री दोनों के समाजसेवा के इस कार्य ने पूरे समाज में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
समकित जैन और संचित जैन दो सगे भाइयों ने तीन लोगों को अपना प्लाज्मा दान कर उनको कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी प्रदान की। ललितपुर के व्यापारी मृगनयनी परिवार से प्रदीप जैन की पत्नी 40 वर्षीय रचना जैन, कंप्यूटर का काम करने वाले अवधेश अग्रवाल के चाचा शिवकुमार अग्रवाल को डॉक्टर ने प्लाज्मा की आवश्यकता बताई। लक्षचंद्र सिंह परमार को भी प्लाज्मा की आवश्यकता बताने पर तीनों परिवारों ने अन्नपूर्णा सेवा संघ से संपर्क किया, इस पर समकित जैन और संचित जैन से संपर्क किया। वह अविलंब तैयार होकर झांसी पहुंचे और देर रात तक उन्होंने प्लाज्मा दान किया।
ललितपुर के व्यापारी श्रीप्रकाश जैन के पुत्र प्रखर जैन ने अजमेरी खान जो झांसी में अपना इलाज करा रहे हैं, उनको झांसी जाकर प्लाज्मा दान किया। वैभव जैन टिन्ना जो आधिकारिक रूप से कोरोना से पीड़ित नहीं रहे, उन्हें केवल एक बार बुखार आया था फिर भी उन्होंने अपना एंटीबॉडी चेक कराया। डॉक्टर के अनुसार किसी को भी प्लाज्मा दे सकते हैं। एंटीबॉडी जांच रिपोर्ट आने पर उन्होंने झांसी पहुंचकर प्रशस्त सोनी को और शोभा तिवारी को प्लाज्मा दान कर कोरोना से लड़ने में मदद प्रदान की।