डिस्पोजल का भंडार पकड़ा, जुर्माना में वसूले पैंतीस हजार
ललितपुर। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने सावरकर चौक से डिस्पोजल का भंडार पकड़ने में सफलता पाई है। मोहन मावा की दुकान से आधा ट्राली डिस्पोजल बरामद हुए हैं। अन्य जगहों से पॉलिथीन भी बरामद हुई है। इस तरह कुल पैंतीस हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
त्योहार आते ही शहर के बाजारों में पॉलिथीन एवं डिस्पोजल गिलास और थाली की बिक्री प्रारंभ हो जाती है। आज मोहर्रम पर लंगर के दौरान डिस्पोजल गिलास देखे गए। इस पर अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायवाल का माथा ठनक गया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ शहर के बाजारों में डिस्पोजल एवं पॉलीथिन पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया।
सावरकर चौक स्थित मोहन मावा की दुकान पर बड़ी मात्रा में डिस्पोजल के गिलास व थाली पकड़ी गई। जब ट्रैक्टर ट्राली में इसे भरा गया तो ट्राली का आधा हिस्सा डिस्पोजल ने घेर लिया। दुकानदार से पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके उपरांत पॉलीथिन पकड़ने के लिए छापामारी की गई। कई ठेला दुकानदारों के पास बड़ी मात्रा में पॉलीथिन पाई। इन दुकानदारों से दस हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इस तरह कुल पैंतीस हजार रुपये जुर्माना में वसूले गए।
------
भंडारे में इस्तेमाल होता डिस्पोजल
प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री भंडारे में सबसे ज्यादा इस्तेेमाल होती है। इस वजह से दुकानदारों ने इसका स्टाक कर लिया गया। जिसे गणेश विसर्जन एवं देवी विसर्जन के भंडारे में खपाया जा सके। कई दुकानदार अभी भी डिस्पोजल व पॉलिथीन दबाए हुए हैं, ताकि बड़ा मुनाफा कमाया जा सके।