ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने जल विहार, पर्यूषण पर्व, मोहर्रम, गणेशोत्सव, विश्वकर्मा जयंती को सकुशल संपन्न कराने के मकसद से अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने खाद्य सामग्री के साथ प्लास्टिक के सामानों का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने जल विहार पर विमानों की शोभा यात्रा के निकाले जाने के मार्गों पर साफ-सफाई, मार्गों में पड़ने वाले अवरोधों, आवारा पशुओं की रोकथाम किये जाने, मार्ग में लटके हुए बिजली के तारों को ठीक कराने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए। समुचित पुलिस व्यवस्था तथा पीने के पानी हेतु टैंकर की व्यवस्था कराने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई, जलापूर्ति, यातायात व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। त्योहारों के आयोजन में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। उन्होंने गड्ढायुक्त सड़कों को दुरुस्त कराने, बिजली की आपूर्ति रोस्टर के अनुसार कराने को कहा।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने सभी क्षेत्रों के क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि विमान यात्रा को पूर्ण पुलिस बल तैनाती के साथ निकाला जाए। सभी क्षेत्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी यात्रा/जुलूस के दौरान मार्ग पर जाम की स्थिति बनने से रोकें। किसी भी वाहन को अनावश्यक रुप से खड़ा होने से रोकें। विमान यात्रा के पूरे मार्ग में विमान निकलने के समय मांस-मछली की दुकानें बंद कराई जाएं, मूर्तियों के विसर्जन के लिए निर्धारित स्थानों पर जेसीबी से गढ्डा खुदवाकर पानी भरकर गणेश प्रतिमाएं एवं ताजियों का विसर्जन कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी वीपी पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर गजल भारद्वाज, महरौनी ज्ञानेश्वर प्रसाद, मड़ावरा कृष्ण कुमार सिंह, पाली राजेंद्र बहादुर आदि मौजूद रहे।